पाकिस्तान का एक और झूठ बेनकाब: जिस एयरफोर्स पायलट शिवांगी सिंह को PAK ने बताया था ‘कैद’, वो राष्ट्रपति मुर्मू के साथ राफेल पर आईं नजर

पाकिस्तान द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत का राफेल जेट गिराने और महिला पायलट शिवांगी सिंह को पकड़ने के झूठे दावों के बीच, बुधवार (29 अक्तूबर 2025) को शिवांगी सिंह अंबाला एयरबेस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ दिखीं। यह तस्वीर पाकिस्तान के सभी झूठे दावों का करारा जवाब है।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू ने आज राफेल फाइटर जेट में लगभग 30 मिनट की ऐतिहासिक उड़ान भरकर देश की सर्वोच्च कमांडर के रूप में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के साथ, भारत की पहली महिला राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह भी मौजूद थीं, जिनके चेहरे पर मुस्कान साफ देखी जा सकती थी। इस उड़ान को ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने नियंत्रित किया।

राफेल जेट ने समुद्र तल से 15 हजार फीट की ऊंचाई पर 700 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी और करीब 200 किलोमीटर का दायरा कवर किया। उड़ान भरने से पहले, राष्ट्रपति ने विशेष ‘जी-सूट’ पहना और विमान के अंदर से हाथ हिलाकर अभिवादन किया।