पाकिस्तान में इस हफ्ते हुए दो बड़े फिदायीन (आत्मघाती) हमलों को लेकर गुरुवार (13 नवंबर 2025) को गृहमंत्री मोसिन नकवी ने संसद में बड़ा खुलासा किया। मोहसिन नकवी ने बताया कि दोनों हमलावर अफगान नागरिक थे। उनका यह बयान संसद के लाइव टीवी प्रसारण के दौरान आया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार (12 नवंबर 2025) को इस्लामाबाद के जिला न्यायिक परिसर के गेट पर आत्मघाती विस्फोट हुआ। हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रावलपिंडी में काउंटर-टेररिज्म विभाग ने 7 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। कुछ को फौजी कॉलोनी और ढोके कश्मीरियाँ से पकड़ा गया, जबकि एक छापा खैबर पख्तूनख्वा (KP) में डाला गया।
इससे दो दिन पहले सोमवार (10 नवंबर 2025) को दूसरा बड़ा हमला KP के दक्षिण वजीरिस्तान में हुआ। अफगान सीमा के पास स्थित कैडेट कॉलेज के मुख्य गेट से विस्फोटक से भरी गाड़ी टकराई। दो हमलावर गेट पर ही मारे गए, जबकि तीन हमलावर अंदर तक घुसने में सफल रहे।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों में फिर तनाव
हाल की इन घटनाओं के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव और बढ़ गया है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान सीमा में मौजूद सशस्त्र समूह पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं। वहीं, काबुल इन आरोपों को खारिज करता है। बढ़ते हमलों के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान अफगानिस्तान के भीतर भी कार्रवाई कर सकता है।

