पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में हुआ जोरदार धमाका, 4 घायल: दीवारों में आई दरार, अन्य सरकारी इमारतों में हाई अलर्ट

पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में मंगलवार (4 नवंबर 2025) को एक जोरदार धमाका हो गया। हालाँकि इस बात की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है कि धमाका असल में कैसे हुआ है। ब्लास्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इसमें विस्फोट के बाद हुए नुकसान को साफ तौर पर देखा जा सकता है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि एयर कंडीशनर गैस प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान हुआ. वहीं कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो सुप्रीम कोर्ट की कैंटीन में गैस सिलिंडर फटने के कारण ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि कोर्ट परिसर की दीवारें तक हिल गईं। इससे कर्मचारी और वकील घबराकर बाहर की ओर भागने लगे।

धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने कोर्ट में घेराबंदी कर दी है। मौके पर बम डिस्पोजल यूनिट (BDU) को बुलाया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसके साथ ही इस्लामाबाद की सभी सरकारी इमारतों को फिलहाल हाई अलर्ट पर रखा गया है।