दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 22 वर्षीय शेख इमरान को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तान से संबंध रखने और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इमरान को भुवनेश्वर से एक विशेष ऑपरेशन के तहत हिरासत में लिया गया और बाद में ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है।
जाँच में सामने आया है कि इमरान सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी प्रचार फैला रहा था। वह इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय एक संदिग्ध कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ा हुआ था। इसमें धार्मिक आधार पर भड़काऊ और कट्टरपंथी सामग्री साझा की जा रही थी।
इमरान इस नेटवर्क में सक्रिय सदस्य के तौर पर काम कर रहा था। दिल्ली पुलिस उसकी गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखे हुए थी। एक सप्ताह पहले दिल्ली में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स की जाँच की गई थी, जिसके दौरान ओडिशा से जुड़े लिंक का खुलासा हुआ।
इसी इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस की टीम भुवनेश्वर पहुँची और कमिश्नरेट पुलिस की मदद से इमरान को पकड़ लिया गया। जाँच एजेंसियाँ अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किन-किन लोगों और संगठनों से जुड़ा था।

