पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली रेप के मामले में यूके में हुए गिरफ्तार: PAK मूल की लड़की ने लगाए आरोप, पीसीबी ने किया निलंबित

पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली पर यूके में रेप के आरोप लगने के बाद यूके पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेटर बोर्ड ने हैदर को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। फिलहाल क्रिकेटर जमानत पर हैं। पाकिस्तानी मूल की लड़की ने हैदर पर रेप का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ए टीम यानी पाकिस्तान शाहीन इस समय यूके दौरे पर है। हैदर भी इसी टीम का हिस्सा थे। रेप का आरोप लगाए जाने के बाद ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने हैदर अली को बेकनहम मैदान से गिरफ्तार किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने हैदर का पासपोर्ट जब्त कर लिया था, लेकिन फिर जमानत पर रिहा कर दिया है।

पूरे मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बयान में कहा, “यह जाँच पाकिस्तान शाहीन के हालिया इंग्लैंड दौरे के दौरान हुई एक घटना से संबंधित है। अपने सभी खिलाड़ियों के कल्याण और कानूनी अधिकारों को सुनिश्चित करने की अपनी जिम्मेदारी और देखभाल के कर्तव्य के अनुरूप, पीसीबी ने यह सुनिश्चित किया है कि हैदर अली को इस पूरी प्रक्रिया के दौरान अपने अधिकारों की रक्षा के लिए उचित कानूनी सहायता मिले।”

बोर्ड ने आगे कहा,  “पीसीबी ने चल रही जाँच के परिणाम आने तक हैदर अली को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया है।