सऊदी अरब में बस में जिंदा जले 42 भारतीय, मक्का से मदीना जाते वक्त हुआ हादसा: उमरा के लिए गए थे यात्री, ओवैसी ने विदेश मंत्री से की ये अपील

सऊदी अरब में उमरा यात्रियों की बस से जुड़ा एक बड़ा हादसा सामने आया है। सोमवार (17 नवंबर 2025) को यात्रियों को मक्का से मदीना ले जा रही बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। दुर्घटना में 42 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। मृतकों में 20 महिलाएँ और 11 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस में सवार अधिकतर यात्री भारतीय थे और उनमें भी बड़ी संख्या हैदराबाद से गई थी। हादसे के बाद तेलंगाना सरकार सक्रिय हो गई है। सरकार ने कहा है कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के सतत संपर्क में है और पीड़ितों की पहचान सहित अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं में सहयोग कर रही है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे दूतावास के साथ मिलकर पूरी जानकारी जुटाएँ और परिजनों की सहायता सुनिश्चित करें। हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने शहर की दो ट्रैवल एजेंसियों से यात्रियों का विवरण लेकर भारतीय दूतावास को उपलब्ध कराया है।

साथ ही रियाद स्थित भारतीय मिशन के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबू मैथन जॉर्ज से भी बातचीत की है। दूतावास ने बताया है कि स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर पूरी जानकारी इकट्ठा की जा रही है और जल्द ही आधिकारिक अपडेट जारी किया जाएगा।

ओवैसी ने केंद्र सरकार, खासकर विदेश मंत्री एस जयशंकर से अपील की है कि मृतकों के शवों को भारत लाया जाए और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।