बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार (2 जून 2026) की रात मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज पर हमला होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
हमलावरों ने कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ की, पोस्टर फाड़े और वहाँ तैनात सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की। घायल गार्ड को इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।
पोस्टर विवाद से शुरू हुआ मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग एक-दूसरे के पास स्थित हैं। हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद दोनों संस्थानों ने अपने-अपने छात्रों की सफलता के दावे किए थे। इसी दौरान खान सर के सम्मान समारोह का एक पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर लगाए जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पटना के ही एक और चर्चित शिक्षक गुरु रहमान ने ये आरोप लगाया है कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के रिजल्ट के बाद खान सर छात्रों की ‘खरीद-फरोख्त’ में शामिल थे और प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के छात्रों को अपने पक्ष में ले रहे थे, जिससे ये विवाद बढ़ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन्ही सब विवादों ने बाद में बड़ा रूप ले लिया। खान सर ने आरोप लगाया कि ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों ने हमला कराया। वहीं, रोशन आनंद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें फँसाने और उनके संस्थान को बदनाम करने की साजिश रची गई है।
फायरिंग की चर्चा पर पुलिस ने क्या कहा?
घटना के बाद शुरुआती दौर में खान सर ने गोली चलने का दावा किया था लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण माहौल में उन्हें सही स्थिति समझ नहीं आई। उनकी FIR में भी फायरिंग का कोई जिक्र नहीं है।
On the incident outside Educator Khan sir's coaching institute in Patna last night, Patna Police says, "On the night of 02.06.2026, around 10:10 PM, information was received regarding brick-throwing and vandalism carried out by some individuals at the Khan Global Studies Coaching… pic.twitter.com/dldd161N6y
— ANI (@ANI) June 3, 2026
पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जाँच और CCTV फुटेज में गोलीबारी के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार 15 से 20 लोग पथराव और तोड़फोड़ करते दिखाई दिए हैं।
घटना के बाद बिहार सरकार ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई कोचिंग नीति बनाने की घोषणा की है, जिसके तहत सभी संस्थानों के लिए मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू किया जाएगा।

