‘कयामत तक करूँगी इनका विरोध’: खामेनेई के समर्थन में महबूबा मुफ्ती ने नेतन्याहू-ट्रंप के पोस्टर जलाए, ईरान के लिए रोना रोया

ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले पर पीपल डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार (04 मार्च 2026) को श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महबूब मुफ्ती ने इजरायली प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोस्टर जलाए।

सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रदर्शन की वीडियो शेयर करते हुए महबूबा मुफ्ती ने लिखा, “जो लोग तुम्हारे साथ शांति से खड़े हैं, मैं उनके साथ शांति से खड़ी हूँ और जो लोग तुम्हारा विरोध करते हैं, मैं कयामत के दिन तक उनके विरोध में खड़ी रहूँगी।”

महबूबा मुफ्ती ने जेफरी एपस्टीन के एक पोस्टर को भी आग लगाई, जिनके एपस्टीन फाइल्स में ट्रंप सहित कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के साथ संबंध सामने आए थे। प्रदर्शनों पार्टी के समर्थकों ने भी हाथों में खामेनेई के पोस्टर लिए अमेरिका-विरोधी और इजरायल-विरोधी नारेबाजी की।