पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा में अनियमितताओं के बीच चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान करवाने की घोषणा की है। चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में मतदान के दिन TMC के गुंडों ने EVM में BJP के बटन पर काला टेप और परफ्यूम (इत्र) लगाया गया था ताकि पता लग सके कि किसने BJP को वोट दिया है। इतना ही नहीं TMC के लोगों ने पोलिंग स्टेशन में घुसकर मतदाताओं ने डराया-धमकाया भी था।
चुनाव आयोग ने कहा कि इस तरह की हरकतों से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और वोटरों की गोपनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ EVM बटन पर काली टेप लगाई गई थी या उन पर स्याही से निशान बनाए गए थे। कई जगहों पर EVM के बटन पर परफ्यूम भी लगाया गया था। इससे बाद में यह पहचानना आसान हो जाता था कि किस बटन को दबाया गया है, जिससे वोटरों की पहचान उजागर होने का खतरा बढ़ गया।
अधिसूचना में यह भी कहा गया कि कई बूथों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी अधूरी मिली, जिनमें फुटेज गायब थी या रिकॉर्डिंग बीच में टूटी हुई थी। कुछ जगहों पर राजनीतिक दलों के लोगों को मतदान कक्ष के अंदर जाते हुए भी देखा गया। यहाँ तक कि एक व्यक्ति की जगह किसी और ने मतदान किया और ऐसा कई बार हुआ।
#BreakingNews | Elections Commission' repolling notification accessed By News18; shocking irregularities in Falta booths flagged 'Black Tape, perfume applied on EVM'@_pallavighosh shares more details#WestBengalElections2026 #TMC #BJP | @ayushyasingh31 pic.twitter.com/8XDTeRH4sS
— News18 (@CNNnews18) May 3, 2026
चुनाव आयोग ने ऐसी ही गड़बड़ियों के चलते कड़ा कदम उठाते हुए फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई 2026 को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 24 मई को की जाएगी।
शिकायतें और चुनाव आयोग की कार्रवाई
दूसरे चरण के मतदान के दौरान चुनाव आयोग को EVM से छेड़छाड़ की कुल 77 शिकायतें मिली थीं। इनमें से 32 शिकायतें फाल्टा से, 29 डायमंड हार्बर से, 13 मगराहाट से और 3 बजबज इलाके से थीं। इन शिकायतों के आधार पर आयोग ने पहले ही मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया था।
इन 15 बूथों पर शनिवार (2 मई 2026) को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक करीब 86.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मगराहाट पश्चिम में 86.1 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 87.6 प्रतिशत वोटिंग हुई। जिन चार विधानसभा क्षेत्रों से शिकायतें आई हैं, उन्हें TMC का मजबूत गढ़ माना जाता है।
यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब एग्जिट पोल में BJP के बेहतर प्रदर्शन के संकेत मिले हैं। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन एग्जिट पोल को खारिज करते हुए दावा किया है कि TMC 294 में से कम से कम 226 सीटें जीतेगी।

