देश भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल: जानिए कौन से राज्य में कितने बढ़े दाम, क्या है महंगाई की वजह

भारत में हाल ही में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 15 मई 2026 को पेट्रोल और डीजल के दामों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल लगभग ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर पहुँच गया। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी भी ₹2 प्रति किलो महंगी हुई। सरकार और तेल कंपनियों ने इसका कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव को बताया है।

बाकी राज्यों की बात करें तो अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स और वैट के कारण कीमतों में अंतर देखने को मिला। मुंबई में पेट्रोल ₹106.68 प्रति लीटर तक पहुँच गया और और डीजल ₹93.14 प्रति लीटर। कोलकाता में पेट्रोल ₹108.74 और डीजल ₹95.13 प्रति लीटर हो गया है। बिहार में पेट्रोल ₹108.55 और छत्तीसगढ़ में ₹103.56 प्रति लीटर दर्ज किया गया। गुजरात, असम और हरियाणा जैसे राज्यों में भी पेट्रोल ₹98 से ₹101 प्रति लीटर तक पहुँच गया।

गौरतलब है कि अगर पेट्रोल हाइक को लेकर पिछले कुछ वर्षों का आँकड़ा देखें तो पता चलता है कि इससे पहले रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान मार्च 2022 में पेट्रोल करीब ₹10 प्रति लीटर महंगा हुआ था। इसके बाद सरकार ने टैक्स घटाकर कुछ राहत दी थी। हालाँकि मई 2026 में दोबारा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण ये वृद्धि देखी गई है। ये भी मालूम हो कि भारत में 2024 से पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर थीं। सरकार ने उस समय भी 2 रुपए प्रति लीटर घटाकर जनता को राहत दी थी।