एक और प्लेन क्रैश… सांसद समेत 15 की मौत: कोलंबिया में वेनेजुएला सीमा के पास हुई दुर्घटना, Video भी सामने आई

कोलंबिया में बुधवार (28 जनवरी 2026) को ट्विन-प्रोपेलर नामक विमान वेनेजुएला की सीमा के पास एक पहाड़ी क्षेत्र में क्रैश हो गया। देश की सिविल एरोनॉटिक्स अथॉरिटी के अनुसार, इस दुर्घटना में 13 यात्रियों और दो क्रू मेंबर्स में से किसी के भी जीवित बचने की सूचना नहीं है। मृतकों में कोलंबियाई कॉन्ग्रेस सदस्य डायोजनीज क्विंटेरो भी शामिल हैं, जो 2022 से राष्ट्रीय संसद का हिस्सा थे।

उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद टूटा संपर्क

यह विमान राज्य संचालित एयरलाइन सटेना (Satena) द्वारा संचालित किया जा रहा था। परिवहन मंत्री मारिया फर्नांडा रोजास ने बताया कि विमान ने कूकूता के कैमिलो दाजा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसे ओकाना शहर के लिए रवाना किया गया था।

विमान ने सुबह 11:42 बजे उड़ान भरी और करीब 12:05 बजे लैंड करने का समय तय था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद, 11:54 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इसका संपर्क टूट गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, विमान का सिग्नल टेकऑफ के नौ मिनट बाद ही गायब हो गया।

ग्रामीण इलाके में मिला मलबा, सांसद क्विंटेरो समेत सभी की मौत

सर्च ऑपरेशन के बाद अधिकारियों ने विमान का मलबा ला प्लाया दे बेलें के ग्रामीण क्षेत्र में बरामद किया। सर्च अभियान में कई विमान और एजेंसियाँ शामिल रहीं। हादसे में मारे गए लोगों में कॉन्ग्रेस सदस्य डायोजनीज क्विंटेरो भी थे, जिन्हें ‘विशेष शांति निर्वाचन क्षेत्रों’ से चुना गया था। ये सीटें 2016 के शांति समझौते के तहत हिंसा पीड़ितों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बनाई गई थीं।

क्विंटेरो की पार्टी ‘यू पार्टी’ ने उन्हें अपने क्षेत्र के लिए समर्पित और सेवा भावना से प्रेरित नेता बताया। वहीं नॉर्ते दे सांतांदेर प्रांत के गवर्नर कार्यालय ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।