ईरान के साथ भीषण युद्ध के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत और पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। सोमवार (2 मार्च) को बेत शेमेश में ईरानी मिसाइल हमले वाली जगह का मुआयना करते हुए नेतन्याहू ने कहा, “मैंने अपने दोस्त पीएम मोदी से लंबी बात की है। इस मुश्किल वक्त में इजरायल और यहूदियों का साथ देने के लिए मैं भारत का शुक्रिया अदा करता हूँ।”
पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने नेतन्याहू से बातचीत के दौरान इजरायल की वर्तमान स्थिति पर भारत की चिंता जताई। मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि इस जंग के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा सबसे ऊपर होनी चाहिए और उसे सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

नेतन्याहू ने बताया कि यह इजरायली सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन रोरिंग लॉयन’ का तीसरा दिन है। उन्होंने दावा किया कि इजरायल सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि अमेरिका और पूरी दुनिया की रक्षा कर रहा है।

