‘मैं PM मोदी का बड़ा फैन हूँ’: एम्बेसडर सर्जियो गोर के साथ लाइव कॉल पर बोले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, कहा- भारत कर सकता है हम पर 100 % भरोसा

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लाइव जुड़े। उन्होंने राजदूत सर्जियो गोर को फोन पर बातचीत कर कहा कि वह भारत के प्रधानमंत्री मोदी के बहुत बड़े फैन हैं और वह काफी महान दोस्त हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत उन पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है।

मैं पीएम मोदी का ‘ग्रेट फैन’- ट्रंप

भारत मंडपम के कार्यक्रम में विदेश मंत्री जयशंकर के साथ अमेरिका विदेश मंत्री मार्को रूबियो और राजदूत सर्जियो गोर मौजूद थे। ट्रंप ने गोर को फोन किया और कहा, “मैं सभी को नमस्कार करता हूँ और पीएम मोदी को मैं पसंद करता हूँ। वे महान हैं और मेरे खास दोस्त हैं। मैं आप सब को एक अच्छी शाम के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ।”

उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत कभी इतने करीब नहीं रहे। भारत राष्ट्रपति ट्रंप पर और उनके देश पर पूरा भरोसा कर सकता है। जब ट्रंप ये बातें कह रहे थे तो अमेरिका राजदूत ने अपना फोन माइक्रोफोन के पास रखा ताकि सभी सुन सकें। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी को जब भी मदद की जरूरत पड़े, तो उन्हें कहाँ फोन करना है, उन्हें पता है और वे यहीं फोन करेंगे।

ट्रंप ने लाइव बातचीत के दौरान कहा, “मुझे भारत से प्यार है। आपको (एम्बेसडर गोर) हमारे देश के प्रतिनिधि के तौर पर एक अच्छा भाषण देना होगा। मैं बस सभी को नमस्ते कहना चाहता हूं। मुझे प्रधानमंत्री से प्यार है। PM मोदी महान हैं, वह मेरे दोस्त हैं।”

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस मौके पर US सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो की भी तारीफ की, जो अभी क्वाड विदेश मंत्रियों की मीटिंग के लिए भारत में हैं।ट्रंप ने कहा, “मार्को सबसे महान हैं। वे हमारे देश के इतिहास में सबसे महान सेक्रेटरी ऑफ स्टेट के तौर पर जाने जाएँगे।”