PM मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री को चाँदी की चॉपस्टिक्स के साथ रेमन बाउल्स का सेट किया भेंट, उनकी पत्नी को दी कश्मीरी कारीगरों के हाथों की बनी पश्मीना शॉल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा के बाद चीन रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा और उनकी पत्नी योशिको इशिबा को खास उपहार दिए हैं।

पीएम मोदी ने शिगेरु इशिबा को चाँदी की चॉपस्टिक्स के साथ रेमन बाउल्स का सेट गिफ्ट किया है। इसमें कीमती पत्थरों से बने 4 छोटे बाउल्स और एक बड़ा बाउल है। बड़े कटोरे का बेस मकराना संगमरमर का है और इसमें राजस्थान के कीमती पत्थर जड़े हैं।

वहीं, पीएम मोदी ने योशिको इशिबा को पश्मीना शॉल भेंट दिया है। यह पेपर-माशी बॉक्स में दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शॉल लद्दाख के चांगथांगी बकरी के महीन ऊन से बना है। इस शॉल को हल्के, मुलायम और गर्म होने के कारण दुनिया भर में पसंद किया जाता है। कश्मीरी कारीगरों द्वारा हाथ से बुना गया यह शॉल सदियों पुरानी परंपरा को दर्शाता है।

इससे पहले पीएम मोदी को जापान यात्रा के दौरान दारुमा डॉल भेंट की गई थी। दारुमा डॉल जापान में दृढ़ संकल्प, हिम्मत और सौभाग्य का प्रतीक मानी जाती है। यह गुड़िया बोधिधर्म नामक भिक्षु से प्रेरित है, जिन्होंने जेन बौद्ध धर्म की स्थापना की थी।