सेशेल्स को PM मोदी ने सौंपा सुपरफास्ट पेट्रोलिंग शिप, एंबुलेस से लेकर सुरक्षा बलों के लिए नावें-यूटिलिटी व्हीकल तक सौंपे: जानिए ‘Vision Mahasagar’ को कैसे मजबूत कर रहा भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 से 29 जून 2026 तक सेशेल्स के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी को भारत में बना आधुनिक ‘फास्ट पेट्रोल जहाज’ और कई दूसरे जरूरी सामान हैंडओवर किए। यह दोनों देशों के बीच बढ़ते मजबूत और दोस्ताना रिश्तों का प्रतीक है।

भारत की कंपनी गोवाल शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा बनाए गए 52 मीटर लंबे ‘पीएस लेस्पवार’ फास्ट पेट्रोल जहाज को सेशेल्स कोस्ट गार्ड को सौंपा गया। इससे समुद्र में निगरानी रखने और देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) की सुरक्षा करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा भारत ने सेशेल्स को 6 फोर्स एंबुलेंस, 10 उपयोगी वाहन (यूटिलिटी व्हीकल) और 5 लेजर रेडियल नावें भी उपहार में दीं।

भारत की ओर से दिए गए ये सभी सामान सेशेल्स में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, जरूरी सामान के परिवहन और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में मदद करेंगे। करीब 100 करोड़ रुपए की लागत वाला यह फास्ट पेट्रोल जहाज सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा बढ़ाने के लिए भारत के लगातार सहयोग का हिस्सा है।

सेशेल्स के विदेश और प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉर ने भारत सरकार और भारत के लोगों को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत लगातार सेशेल्स की मदद कर रहा है और आज दिए गए इन उपहारों के लिए भी उन्होंने आभार जताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह दौरा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर कर रहे हैं। वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं। यह समारोह भारत और सेशेल्स के बीच 1976 में शुरू हुए राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की यह सेशेल्स की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह वर्ष 2015 में यहाँ आए थे।

सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की संसद (नेशनल असेंबली) को भी संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।

दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, रक्षा, विकास और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हो रही है। साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जा रहा है।

भारत की ओर से दिए गए उपहार और यह दौरा, हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, टिकाऊ विकास और सभी देशों की साझा प्रगति को बढ़ावा देने की भारत की ‘विजन महासागर’ पहल का हिस्सा हैं। भारत सेशेल्स को हिंद महासागर का एक अहम पड़ोसी और भरोसेमंद साझेदार मानता है। रक्षा और विकास के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को मजबूत करने में मदद करेगा।