PM मोदी ने केरलम को दी ₹11000 करोड़ के योजनाओं की सौगात, ईरान युद्ध के बीच पेट्रोलियम रिफाइनरी का किया विस्तार: कहा- वैश्विक संकट में भी राजनीति कर रहे कॉन्ग्रेस के राजकुमार

प्रधानमंत्री मोदी ने केरलम के एर्नाकुलम में 11 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। देश में इन्फ्रांस्ट्रक्चर पर काफी पैसा खर्च किया जा रहा है जिसका फायदा केरलम को भी मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस के राजकुमार को ये भी नहीं पता कि भारत के युवा ड्रोन बनाने में चमत्कार कर रहे हैं। मिडिल ईस्ट संकट पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस इतने बड़े वैश्विक संकट में भी राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि केरलम के विकास के लिए सरकार की इच्छाशक्ति अडिग है। आत्मनिर्भर भारत बनाने और मेक इन इंडिया के लिए पेट्रोलियम सेक्टर का विस्तार बेहद जरूरी है। कोच्चि रिफाइनरी में पॉली-प्रोपाइलीन यूनिट के शिलान्यास के पीछे भी यही लक्ष्य है।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने ही मछुआरों की भलाई के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया। इससे केरलम को बहुत फ़ायदा हुआ। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि इस सेक्टर में FPOs भी बढ़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि हम मॉडर्न फिश फार्मिंग सिस्टम को भी बढ़ावा दे रहे हैं, साथ ही सीवीड प्रोडक्शन में नए मौके आ रहे हैं। सरकार इसे भी प्रोत्साहित कर रही है।

इससे पहले पीएम मोदी ने भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड की कोच्चि रिफाइनरी में पॉली-प्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखी। चार सौ किलो टन प्रति वर्ष की क्षमता वाले इस यूनिट में 5500 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। पॉली-प्रोपाइलीन का इस्तेमाल ऑटोमोटिव, चिकित्सा उपकरणों, वस्त्रों और घरेलू उत्पादों में किया जाता है।

प्रधानमंत्री ने दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। पहली परियोजना राष्‍ट्रीय राजमार्ग-66 के थलापडी-चेंगला खंड पर छह लेन का है। इस राजमार्ग को 2650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। यह मुंबई-कन्याकुमारी आर्थिक गलियारे का हिस्सा है। यह कासरगोड और कन्नूर के साथ-साथ मंगलौर और मुझापिलंगड सहित आसपास के इलाकों को जोड़ेगा।

दूसरी परियोजना वेंगलम से रामनट्टुकरा तक छह लेन का राजमार्ग है। इसे बनाने में करीब 2140 करोड़ रुपए की लागत आई है।