‘भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर’: राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात समिट में बोले PM मोदी, गिनाए इकोनॉमी के क्षेत्र में हो रहे कमाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (11 जनवरी 2025) को राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन के तहत ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। 2026 में पीएम मोदी की पहली गुजरात यात्रा है। इससे पहले उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में हिस्सा लिया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। बीते वर्षों में भारत ने बहुत तेज प्रगति भी की है और इसमें गुजरात की बड़ी भूमिका रही है। भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेज गति से आगे बढ़ रहा है और जो आँकड़े आ रहे हैं, उससे ये साफ है कि भारत से दुनिया की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। भारत की ग्रोथ से जुड़ी फैक्ट शीट रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म के मंत्र की सक्सेस स्टोरी है।

सौराष्ट्र और कच्छ के विकास की बात कहते हुए पीएम मोदी ने कहा, ” ये क्षेत्र भारत के हरित विकास, हरित गतिशीलता और ऊर्जा सुरक्षा का एक बड़ा हब बन रहा है। कच्छ में 30 गीगावाट कैपेसिटी का रिन्यूएबल एनर्जी पार्क बन रहा है। ये दुनिया का सबसे बड़ा हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी पार्क होगा।”

पीएम मोदी के मुताबिक, आप कल्पना कर सकते हैं कि ये पार्क पेरिस शहर से भी पाँच गुणा बड़ा है। यानी इस क्षेत्र में क्लीन एनर्जी प्रतिबद्धता के साथ-साथ व्यावसायिक पैमाने की वास्तविकता भी है। आप सभी ग्रीन हाइड्रोजन की क्षमता से परिचित हैं। भारत में इस दिशा में बड़े पैमाने पर काम चल रहा है। कच्छ और जामनगर ग्रीन हाइड्रोजन प्रोडक्शन के बड़े केंद्र रहे हैं। कच्छ में एक विशाल बैट्री एनर्जी स्टोरेज सिस्टम स्थापित किया जा रहा है।

भारत ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार- पीएम

पीएम ने कहा कि आज का भारत विकसित होने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रहा है और हमारे इस लक्ष्य की प्राप्ति में ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ की बहुत बड़ी भूमिका है। रिफॉर्म एक्सप्रेस यानी हर क्षेत्र में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म। जैसे अब से कुछ समय पहले ही देश ने नेक्स्ट जेनरेशन GST रिफॉर्म लागू किए थे। हर सेक्टर पर इसका अच्छा असर दिखा।

रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार भारत ने बहुत बड़ा सुधार बीमा सेक्टर में किया है। इसी तरह करीब 6 दशक के बाद इनकम टैक्स कानून को आधुनिक किया गया है। इससे करोड़ों करदाताओं को फायदा हुआ है। भारत ने एतिहासिक लेबर रिफॉर्म को भी लागू कर दिया है। यानी श्रमिक हों या फिर इंडस्ट्री सभी का इससे फायदा मिल रहा है।

बीते 11 वर्षों में भारत, दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा कंज्यूमर बना है।आज भारत, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर है। आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम भारत का है। यहाँ तीसरी सबसे बड़ी एविएशन मार्केट हैं।

मेट्रो के मामले में भारत दुनिया के टॉप 3 नेटवर्क में शामिल हो गया है। देश में महँगाई काबू में है। एग्रीकल्चर प्रोडक्शन में नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। दुनिया में दुग्ध उत्पादन से लेकर जेनेरिक मेडिसिन में भारत नंबर वन है। दुनिया में सबसे ज्यादा वैक्सीन आज भारत में बनने लगे हैं। यही वजह है कि भारत आज दुनिया का सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश बन गया है।

पिछले 2 दशक में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के 10 बार आयोजित किए गए हैं। शुरुआत में इसका मकसद दुनिया को गुजरात की क्षमता को दिखाना था, ताकि निवेश आए। आज ये इंटरनेशनल भागीदारी का अहम मंच बन गया है। ये भारत की 21वीं सदी में विकास को दिखाता है।