प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (26 सितंबर 2025) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार की ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। इसके तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹10,000-10,000 ट्रांसफर किए गए हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने ऐसी महिला लाभार्थियों से बातचीत की जिनकी जिंदगी में सरकारी योजनाओं की मदद से परिवर्तन आया है।
बातचीत के दौरान महिलाओं ने पीएम मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘भैया’ कहकर संबोधित किया और सरकारी योजनाओं से जिंदगी बदले जाने के किस्से भी साझा किए।
नूरजहाँ ने बताया कैसे सरकारी योजनाओं ने बदला जीवन
गया की नूरजहाँ खातून ने भी पीएम मोदी से बातचीत की है। उन्होंने कहा, “₹10,000 की किस्त की बात सुनकर महिलाएँ खुश हैं और वे रोजगार करने को लेकर चर्चा कर रही है।” उन्होंने बताया कि उन्हें मिलने वाले पैसे से वह अपनी सिलाई की दुकान का काउंटर बनवाएँगी।
नूरजहाँ ने कहा, “125 यूनिट बिजली की बिल फ्री होने से उसका पैसा बच्चों को ट्यूशन फीस में खर्चा कर पा रहे हैं। गरीब से गरीब महिलाओं ने भी अपने घर का बिजली कनेक्शन ले लिया है।”
उन्होंने कहा, “जब (स्वयं सहायता) समूह नहीं था तो हम हर से निकलते नहीं थे, घर से डाँट-डपट होती थी और किसी-किसी के पति तो मारपीट कर किया करते थे लेकिन अब स्थिति बदल गई है।” नूरजहाँ ने आगे कहा, “भैया पहले तो हम अपने हम लोग अपने पति को ही संपत्ति समझते हैं। मगर आज हम लोग के पति हम लोग को लखपति समझते हैं कि हमारे घर के लखपति हैं।”
₹10,000 से 100 और मुर्गियाँ खरीदूँगी: पीएम से बोली रीता
2015 में पोल्ट्री व्यवसाय के साथ अपनी उद्यमिता यात्रा शुरू करने वालीं भोजपुर की रीता देवी नामक एक महिला ने बताया कि उन्हें जो ₹10,000 का सहयोग मिलेगा उससे वह 100 और मुर्गियाँ खरीदेंगे जिससे उनका व्यापार और आगे बढ़ सकेगा।
साथ ही, उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं ने उनकी जिंदगी बदल दी थी। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत पक्का घर मिला है और चूल्हे की जगह अब वह उज्ज्वला गैस का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज और 125 यूनिट मुफ्त बिजली से पैसों की बचत हो रही है।
जलेबी पर पुतुल से पीएम मोदी का मजाक
इस दौरान भवानीपुर की रहने वाली पुतुल देवी ने भी पीएम मोदी ने बातचीत की। मुस्कान समूह की सचिव पुतुल ने बताया कि वह पहले लड्डू-बतासे की दुकान करती थीं और यह पैसा मिलने के बाद वह बालूशाही, जलेबी और बर्फी भी बनाएँगी।
पुतुल देवी ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि आज मेरी सासू माँ की पेंशन ₹400 से एक ₹1100 कर दी गई है और 125 यूनिट बिजली भी फ्री मिलती है। जिससे मैं बचत करूँगी और अपने बच्चे को आगे पढ़ाऊँगी।”
इसके बाद पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “पुतुल देवी जी आपने जलेबी की बात बोली। आपको मालूम है ना बीच में हमारे देश में जलेबी पर बहुत राजनीति चलती थी।”

