इजरायल पहुँचे PM मोदी, नेतन्याहू ने पत्नी सारा के साथ एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत: प्रोटोकॉल तोड़ लगाया गले, ‘जन गण मन’ के साथ दिया गार्ड ऑफ ऑनर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इजरायल दौरे पर बुधवार (25 फरवरी 2026) को तेल अवीव पहुँचे। तेल अवीव एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर उनका अभिवादन किया और गले लगाया। पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। उनके पहुँचते ही ‘जन गण मन’ गूंज उठा।

यह पीएम मोदी की नौ साल बाद इजरायल यात्रा है। इससे पहले वे 2017 में इजरायल गए थे। एयरपोर्ट पर संक्षिप्त मुलाकात के बाद वे येरुशलम के लिए रवाना हो गए। बुधवार का मुख्य कार्यक्रम इजरायली संसद नेसेट को उनका संबोधन है। इसके बाद नेतन्याहू के प्राइवेट डिनर में शामिल होंगे।

इजरायल के प्रसिद्ध अखबार ‘द जेरूसलम पोस्ट’ ने पीएम मोदी के स्वागत में विशेष संस्करण निकाला है। इसके फ्रंट पेज पर बड़े अक्षरों में ‘नमस्ते’ लिखा है। अखबार के एडिटर ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें भारत-इजरायल की गहरी दोस्ती की कहानियां हैं।

पीएम मोदी इजरायली संसद नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। यह दोनों देशों के संबंधों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। भारत के राजदूत जेपी सिंह ने कहा कि इस दौरे का मकसद व्यापार और टेक्नोलॉजी के हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।

मोदी और नेतन्याहू की जिगरी दोस्ती अब नई ऊँचाइयों पर पहुँच रही है। दोनों नेता रक्षा और सुरक्षा, क्रॉस बॉर्डर पेमेंट, खेतीबाड़ी, पानी प्रबंधन, विज्ञान और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में बड़े समझौते करेंगे। इजरायल की आधुनिक तकनीक भारतीय किसानों की मदद करेगी।

नेतन्याहू ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताया और मोदी को अपना प्रिय मित्र कहा। वे राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।

यह दौरा मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सामरिक महत्व का है। पिछले नौ साल में मोदी की यह दूसरी इजरायल यात्रा है। इससे भारत-इजरायल संबंध और मजबूत होंगे।