सभ्यता-संस्कृति पर की बात, कट्टरपंथियों से लेकर घुसपैठियों के मुद्दे पर कॉन्ग्रेस-RJD को धोया: बिहार के कटिहार में गरजे PM मोदी, जनता को चेताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीमांचल में रैली की। कटिहार में बोलते हुए पीएम मोदी ने आरजेडी और कॉन्ग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि सीमांचल का ये इलाका हमारी सभ्यता-संस्कृति का प्रहरी रहा है। लेकिन बीते कई वर्षों से यहाँ एक खतरनाक साजिश चल रही है। ये साजिश घुसपैठ की है।

पीएम मोदी ने कहा, “अररिया हो, किशनगंज, पूर्णिया हो या कटिहार.. हर जगह ये कोशिश हुई कि यहाँ की आबादी का संतुलन बदल दिया जाए। कुछ वोट पाने के लिए बिहार को खतरे में डाल रहे हैं। आपके बेटे-बेटियों की जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं। वोट पाने के लिए देश की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।”

आरजेडी-कॉन्ग्रेस ने कट्टरपंथियों के आगे टेके घुटने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आरजेडी के लोगों को कट्टा और कट्टरपंथी यही पसंद है। जब भाजपा-एनडीए घुसपैठियों को बाहर करने की बात करते हैं, ये तुरंत घुसपैठियों के बचाव में खड़े हो जाते हैं। कट्टरपंथियों के दबाव में इन्होंने तीन तलाक के खिलाफ कठोर कानून का विरोध किया था।”

पीएम मोदी ने कहा, “कट्टरपंथियों का एजेंडा पूरा करने के लिए ये नए वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंकने की बात कर रहे हैं। संविधान के तहत देश की संसद का बनाया कानून ये कूड़ेदान में फेंकना चाहते हैं। आरजेडी-कॉन्ग्रेस की सच्चाई यही है कि कट्टरपंथियों के आगे ये दोनों ही घुटने टेक चुके हैं।”

पीएम मोदी ने कहा, “कॉन्ग्रेस के जो नामदार कुछ दिन पहले बिहार में बड़े बड़े दावे कर रहे थे, आरजेडी ने बिहार चुनाव के घोषणापत्र में उनकी तस्वीर और वादों को कोना बना दिया है। आरजेडी के लोगों के वादों पर कॉन्ग्रेस वाले ही विश्वास नहीं कर रहे हैं।”

एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार, दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटिहार में लोगों को डबल इंजन सरकार की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार का सबसे बड़ा फायदा ये है कि दिल्ली-पटना से निकला 1-1 रुपया आपके खाते तक जाएगा। कोई चोर-लुटेरा लूट नहीं सकता। वर्ना एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है-दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। आपके हक का पैसा आरजेडी-कॉन्ग्रेस वाले आप तक पहुँचने ही नहीं देते। ये आपके हक का पैसा भी लूट लेते हैं।”