PM मोदी ने लखनऊ में किया ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन, भारत की 3 महान विभूतियों की 65 फुट ऊँची कांस्य प्रतिमाएँ स्थापित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दौरे पर हैं। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर उन्होंने ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन किया। प्रेरणा स्थल में पंडित दीन दयाल उपाध्याय, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊँची कांस्य प्रतिमाएँ स्थापित की गई हैं, जो भारत की राजनीतिक सोच, राष्ट्र निर्माण और सार्वजनिक जीवन में उनके महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा मूर्तिकार राम सुतार ने बनाई है। राम सुतार ही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार हैं। वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा माटू राम ने तैयार की है। इन्हें तैयार करने में 230 करोड़ की लागत आई है। यहाँ एक म्यूजियम भी बनाया गया है।