मलेशिया की धरती से बोले मोदी- आतंकवाद पर नो डबल स्टैंडर्ड, नो कॉम्प्रोमाइज: पाकिस्तान को दिया सख्त संदेश

मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर पहुँचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद पर पाकिस्तान को कड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है, नो डबल स्टैंडर्ड नो कॉम्प्रोमाइज।” पीएम मोदी ने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन अंतरराष्ट्रीय राजनीति में आतंकवाद की चर्चा होते ही पाकिस्तान का संदर्भ स्वाभाविक रूप से सामने आ जाता है।

ऐसे में उनका यह बयान कूटनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर उस मलेशिया की धरती से, जिसे कभी पाकिस्तान का करीबी सहयोगी माना जाता रहा है।

कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान PM नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा की। वैश्विक अस्थिरता के इस माहौल में, भारत और मलेशिया के बीच बढ़ती मित्रता दोनों देशों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा साझा मत है कि आज की चैलेंजेस का समाधान करने के लिए ग्लोबल इंस्टीट्यूशंस का रिफॉर्म बहुत जरूरी है। हम शांति के लिए सभी प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे और आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है नो डबल स्टैंडर्ड नो कॉम्प्रोमाइज।”

आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई और रक्षा सहयोग पर जोर

संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने सहयोग को और मजबूत करेंगे। इसमें काउंटर टेररिज्म, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्र शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदलते वैश्विक हालात में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई ऊँचाइयों तक ले जाना समय की माँग है।

पीएम ने कहा कि आज की अस्थिर दुनिया में भारत-मलेशिया की मजबूत साझेदारी न सिर्फ दोनों देशों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने वैश्विक संस्थानों में सुधार और आपसी भरोसे को मौजूदा चुनौतियों का समाधान बताया, जो संयुक्त राष्ट्र में सुधार की दिशा में भारत के लंबे समय से चले आ रहे रुख को भी रेखांकित करता है।

पीएम मोदी शनिवार (7 फरवरी 2026) को कुआलालंपुर पहुँचे, जहाँ उनका रेड कारपेट पर भव्य स्वागत किया गया। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी करने पहुँचे, जो दोनों देशों के रिश्तों की गहराई को दर्शाता है।