संत रविदास की जयंती पर पंजाब जाएँगे PM मोदी, आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण ‘श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट’ करेंगे: डेरा सचखंड बल्लां में देंगे श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (1 फरवरी 2026) को पंजाब के दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे राज्य के बुनियादी ढाँचे, सांस्कृतिक सम्मान और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

यह दौरा विकास और श्रद्धा का एक अनूठा संगम होगा, जिसमें पंजाब के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलेगा। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाएँगे साथ ही संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी जालंधर जिले के डेरा सचखंड बल्लाँ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहाँ वे संत गुरु रविदास और संत सरवन दास को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा, वे पंजाब की हवाई कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने के लिए आदमपुर और हलवारा हवाई अड्डों से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। यह दौरा पंजाब के सामाजिक, आध्यात्मिक और आर्थिक विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

हवाई अड्डों का करेंगे उद्घाटन, देंगे नया नाम

PIB के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 3:45 बजे आदमपुर हवाई अड्डे का दौरा करेंगे, जहाँ वे हवाई अड्डे का नया नामकरण करेंगे। अब आदमपुर एयरपोर्ट को आधिकारिक रूप से ‘श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट, आदमपुर’ के नाम से जाना जाएगा।

यह कदम संत गुरु रविदास के योगदान और उनके सामाजिक संदेश को सम्मान देने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लुधियाना जिले के हलवारा एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी करेंगे।

यह नया टर्मिनल पंजाब के लिए एक आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में कार्य करेगा और लुधियाना तथा उसके आसपास के औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों के लिए हवाई संपर्क को बेहतर बनाएगा। हलवारा क्षेत्र भारतीय वायुसेना के एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन के रूप में भी जाना जाता है, जिससे इस स्थान का राष्ट्रीय सुरक्षा और परिवहन दोनों के लिए महत्व बढ़ जाता है।

पहले लुधियाना एयरपोर्ट की रनवे अपेक्षाकृत छोटी थी, जिससे केवल छोटे विमानों का संचालन संभव था। यात्रियों की बढ़ती जरूरतों और बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसमें लंबी रनवे बनाई गई है।

यह रनवे अब A320 श्रेणी के बड़े विमानों के संचालन के लिए सक्षम है, जिससे पंजाब का हवाई नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।

हर सुविधा से लैश होगा नया टर्मिनल भवन

नए टर्मिनल भवन में कई हरित और ऊर्जा-कुशल सुविधाएँ शामिल की गई हैं। इनमें LED लाइटिंग, इंसुलेटेड रूफिंग, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल उपचार संयंत्र तथा लैंडस्केपिंग के लिए पुनर्चक्रित जल का उपयोग शामिल है।

इसके अलावा, टर्मिनल का वास्तुशिल्प डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है, जिससे यात्रियों को एक विशिष्ट और क्षेत्रीय अनुभव प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री मोदी इसी दिन संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर जालंधर जिले के डेरा सचखंड बल्लां का दौरा भी करेंगे।

वे मंदिर में दर्शन करेंगे, संत गुरु रविदास और डेरा के दूसरे गद्दी-नशीन संत सरवन दास को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिक्रमा व अरदास जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। यह यात्रा पंजाब के लिए विकास, श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का एक महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जा रही है।