TMC के अत्याचारियों से चुन-चुनकर बदला लेंगे: कोलकाता में PM मोदी ने ममता सरकार को सुनाई खरी-खरी, बंगाल को दी ₹18600 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (14 मार्च 2026) को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में लगभग 18,680 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य की TMC सरकार पर भी जमकर हमला बोला है। PM मोदी ने कोलकाता में मेगा रैली को संबोधित किया और राज्य से जंगलराज से खात्मे करने की बात कही।

पीएम मोदी ने कहा, “आज ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिख चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा। अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा।”

उन्होंने कहा, “अपनी कुर्सी जाती देख, यहाँ कि निर्मम सरकार बौखला गई है। आज भी इस विशाल सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियाँ रुकवाई, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फटवा दिए लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जन सैलाब को रोक नहीं पाई हो।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “बंगाल का विकास नेक नीयत से होगा, सही नीतियों से होगा। बंगाल में अभी हमारी सरकार नहीं है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार के जरिए बीजेपी दिन-रात बंगाल के विकास में लगी हुई है। आज मैंने 18000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। 4 दिन पहले कैबिनेट ने पश्चिम बंगाल के लिए मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट के लिए मंजूरी दी है।”

उन्होंने आगे कहा, “बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है, वो दिन दूर नहीं जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा। जो कानून तोड़ेगा, अत्याचार करेगा, TMC के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा। चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा। यहाँ की निर्मम सरकार, चाहे अब जितना जोर लगा ले परिवर्तन की इस आँधी को अब निर्मम सरकार रोक नहीं पाएगी। भाजपा के साथ, NDA के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है।”

पश्चिम बंगाल को मिली क्या सौगात?

प्रधानमंत्री मोदी ने 16,990 करोड़ रुपए की लागत से बनी 420 किलोमीटर से अधिक की लंबाई वाली कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पश्चिम बंगाल और झारखंड में एनएच-19 और पश्चिम बंगाल में एनएच-114 के खंड शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सड़क सुरक्षा में सुधार, यात्रा समय में कमी, भीड़भाड़ और प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यटन व क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कई जहाजरानी और बंदरगाह संबंधी परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। वे हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के बर्थ नंबर 2 के मशीनीकरण परियोजना का उद्घाटन किया। यह परियोजना माल ढुलाई क्षमता को बढ़ाएगी और कुशल फुल-रेक रेल लोडिंग सिस्टम को सुगम बनाएगी। साथ ही उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह के हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स में बर्थ नंबर 5 का मशीनीकरण की परियोजना की आधारशिला भी रखी है।

प्रधानमंत्री ने पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) एक्सप्रेस को झंडी दिखाई जिससे पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। इस दौरान उन्होंने अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्निर्मित छह रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। इनमें कामाख्यागुरी, अनारा, तामलुक, हल्दिया, बरभूम और सिउरी शामिल हैं।

इसके साथ ही उन्होंने बेल्डा और दंतान के बीच 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन और कलाइकुंडा और कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली परियोजनाएँ भी राष्ट्र को समर्पित कीं।