PM मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस सलमान की फोन पर बात, कहा- ऊर्जा ठिकानों पर हमले बर्दाश्त नहीं: मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच भारतीयों की सुरक्षा पर भी चर्चा

पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से शनिवार (28 मार्च 2026) को फोन पर बातचीत की है। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढाँचे पर हो रहे हमलों की सख्त निंदा की।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इस बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “मैंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से क्षेत्रीय गंभीर स्थिति पर चर्चा करने के लिए बातचीत की। मैंने तनाव बढ़ने, नागरिकों की जान जाने और नागरिक बुनियादी ढाँचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की।”

प्रधानमंत्री ने आगे बताया, “मैंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की। मैंने क्षेत्रीय ऊर्जा और नागरिक ढाँचों पर हमलों की भारत की निंदा को दोहराया। हम नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और शिपिंग लाइन को खुला और सुरक्षित रखने की जरूरतों पर सहमत हुए।”

पीएम मोदी ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए सऊदी सरकार द्वारा दिए जा रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद भी कहा।

इस बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्वपूर्ण मार्ग पर खास चर्चा हुई। दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग लाइनों को सुरक्षित रखने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।

दोनों शीर्ष नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नागरिक ढाँचों पर हमले स्वीकार्य नहीं हैं।