प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ आयोजित डिनर कार्यक्रम के दौरान हमले की कोशिश को लेकर चिंता जताई है। दरअसल, वॉशिंगटन हिल्टन होटल में 31 वर्षीय हमलावर ने अचानक से गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद ट्रंप को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर ले जाया गया है।
पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “मुझे यह जानकर राहत मिली कि हाल ही में वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हुई घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उप-राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं उनकी सुरक्षा और कुशल-क्षेम के लिए मंगलकामनाएँ करता हूँ। लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और इसकी बिना किसी शर्त के निंदा की जानी चाहिए।”
Relieved to learn that President Trump, the First Lady and Vice President are safe and unharmed following the recent security incident at a Washington DC hotel. I extend my best wishes for their continued safety and well-being. Violence has no place in a democracy and must be…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
होटल में फायरिंग की आवाज के बीच सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत हरकत में आए और राष्ट्रपति ट्रंप को कड़े सुरक्षा घेरे में लेकर कार्यक्रम स्थल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल पूरे इलाके को सील कर दिया। घटना के समय अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ट्रंप कैबिनेट के कई वरिष्ठ सदस्य भी वहाँ मौजूद थे और उन्हें भी एहतियातन तुरंत बाहर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

