PM मोदी के दौरे से पहले देहरादून में आतंकी साजिश, ISI का संदिग्ध गिरफ्तार: सैन्य ठिकानों की रेकी कर PAK आतंकी शहजाद को भेज रहा था जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल 2026 के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया है। उत्तराखंड STF ने प्रेमनगर इलाके से 29 साल के विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा था।

पुलिस को उसके पास से एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और संदिग्ध मोबाइल डेटा मिला है। झाझरा का रहने वाला विक्रांत देहरादून में ही रहकर साधारण काम करता था ताकि किसी को शक न हो, लेकिन वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्ठी के संपर्क में था।

STF की टीम पिछले एक महीने से उसकी हर हरकत पर नजर रख रही थी। जाँच में पता चला है कि विक्रांत देहरादून के संवेदनशील सैन्य ठिकानों, पुलिस मुख्यालय और सरकारी इमारतों की तस्वीरें और Video बनाकर सरहद पार भेज रहा था।

उसे ‘तहरीक-ए-तालिबान-हिंदुस्तान’ के नाम से दीवारों पर ग्राफिटी लिखकर शहर में दहशत फैलाने और अपना नेटवर्क दिल्ली तक बढ़ाने का टास्क दिया गया था। फिलहाल, मोबाइल से मिले सुरागों के आधार पर अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।