NEET-UG परीक्षार्थियों को न हो परेशानी इसलिए PM मोदी ने एयरपोर्ट पर 45 मिनट किया इंतजार, परीक्षा शुरू होने के बाद निकले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (21 जून 2026) को छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक इंतजार किया, ताकि NEET-UG री-एग्जाम देने जा रहे अभ्यर्थियों को किसी तरह की यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे से लौटकर दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुँचे थे।

सामान्य तौर पर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रबंधन और अस्थायी नियंत्रण लागू किए जाते हैं। लेकिन उसी समय बड़ी संख्या में छात्र देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG के री-एग्जाम के लिए अपने परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे थे। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होनी थी।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने यह फैसला लिया कि उनके आवास तक जाने के दौरान कहीं छात्रों को ट्रैफिक में रुकना न पड़े और वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुँच सकें। इसी वजह से उन्होंने एयरपोर्ट पर ही प्रतीक्षा करने का निर्णय लिया और परीक्षा शुरू होने के बाद ही अपने काफिले के साथ प्रधानमंत्री आवास के लिए रवाना हुए।

दरअसल NEET-UG री-एग्जाम इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित किया जा रहा है। पिछली परीक्षा पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। इस बार देशभर में 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों में 14 केंद्रों पर 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।