घुसपैठिए बोरिया-बिस्तर बाँध लें, सबका हिसाब होगा: पश्चिम बंगाल में PM मोदी का करार वार, कहा- TMC के भय के राज को भरोसे में बदलेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (11 अप्रैल 2026) को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कटवा में चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने राज्य में राजनीतिक बदलाव की बात करते हुए कहा कि बंगाल अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। पीएम मोदी बंगाल में आज तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की महान विरासत पर टीएमसी ने पिछड़ेपन का दाग लगा दिया है। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी ने संकल्प लिया है कि वह बंगाल को विकास की नई ऊँचाई पर ले जाएगी। उन्होंने गारंटी देते हुए कहा कि TMC की निर्मम सरकार के भय राज को हटाके भरोसे में बदला जाएगा।

इस दौरान उन्होंने घुसपैठियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा, “हर घुसपैठिए से कहूँगा कि वो अपना बोरिया बिस्तर बाँध लें, जो यहाँ आए, नकली कागज बनाए, सरकारी योजनाओं का फायदा लिया। उन सभी का हिसाब होगा।” उन्होंने कहा कि अगर किसी घुसपैठिए को फर्जी राशन कार्ड दिया जाए तो वह आपके हक का चावल लूटेगा और अगर कोई घुसपैठिया फर्जी अधारकार्ड बनाता है तो वह किसान के हक का पैसा भी लूट लेगा।

मोदी ने रैली में कहा कि टीएमसी की सरकार अब घबराहट में है क्योंकि बीजेपी को लोगों का समर्थन बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने अवैध घुसपैठियों को राज्य से बाहर निकालने का वादा भी किया।

मोदी ने यह भी कहा कि बीजेपी भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करेगी और एक सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट जज की अध्यक्षता में जाँच आयोग बनाया जाएगा।

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की जिसमें उन्होंने कहा “मेरे प्यारे देशास्यों, आप मेरे पीछे देख सकते हैं बंगाल का मिजाद क्या है। अभी तो 11-11.30 बजे और मेरी ये आज के दिन की पहली सभा है और सिर्फ हेलीपैड पर ही हजारों लोग, नवजवान, माताएँ बहने आई है, ये द्रश्य अद्भुत द्रश्य है।”