अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार (8 मार्च 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। करीब 33,500 करोड़ रुपए की लागत वाली इन परियोजनाओं के तहत प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया और विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सरोजिनी नगर स्थित जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टरों का भी दौरा किया और महिला आवंटियों को उनके नए घरों की चाबियाँ सौंपीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजधानी का विकास पूरे देश की प्रगति और छवि से जुड़ा हुआ है, इसलिए दिल्ली में आधुनिक बुनियादी ढाँचे का विस्तार लगातार किया जा रहा है।
दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने लगभग 18,300 करोड़ रुपए की लागत से तैयार दिल्ली मेट्रो के दो महत्वपूर्ण कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इनमें पिंक लाइन का मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक करीब 12.3 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन का दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक लगभग 9.9 किलोमीटर का कॉरिडोर शामिल है।
इन नए मार्गों के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो के इस विस्तार से खास तौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों के दैनिक सफर को बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
राष्ट्रपति के मुद्दे पर TMC पर साधा निशाना, कहा- पश्चिम बंगाल कभी माफ नहीं करेगा
अपने संबोधन के दौरान पीएम ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मैं एक बार फिर पीड़ा साझा करना चाहता हूँ। दिल्ली को गहरी चोट लगी है। जो आज देशवासियों के सामने व्यक्त करना चाहता हूँ। आज देश महिला दिवस मना रहा है। कल पश्चिम बंगाल में TMC सरकार ने राष्ट्रपति का अपमान किया है। वह जनजातीय परंपरा के एक उत्सव में शामिल होने के लिए गई थीं। लेकिन उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया।”
उन्होंने आगे कहा, “संथाल जनजातीय कार्यक्रम का बहिष्कार किया। उस कार्यक्रम को अव्यवस्था के हवाले कर दिया। लोकतंत्र की महान परम्परा और संविधान का अपमान है। मैं आज आप सभी के बीच आह्वान कर रहा हूँ। एक जनजातीय राष्ट्रपति का अपमान करने वाली TMC और सत्ता के अहंकार बहुत जल्द चूर चूर होने वाला है। पश्चिम बंगाल कभी माफ नहीं करेगा।”
ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजधानी में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हर दिन लाखों लोग बसों के जरिए यात्रा करते हैं, इसलिए सरकार का लक्ष्य साफ, आरामदायक और आधुनिक बस सेवा उपलब्ध कराना है।
केंद्र सरकार की ओर से दी गई 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें फिलहाल दिल्ली में चल रही हैं, जबकि पिछले एक वर्ष के दौरान करीब 1800 नई बसें सड़कों पर उतारी गई हैं। इनमें कई छोटी ‘बेबी बसें’ भी शामिल हैं, जो मोहल्लों और कॉलोनियों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने में मदद कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के सहयोग से दिल्ली के परिवहन ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

