‘25% ग्लोबल GDP और 1/3 व्यापार को मिलेगी मदद’: PM मोदी ने भारत-EU के बीच FTA समझौते को बताया असरदार, कहा- दुनिया ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ बता रही

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच होने वाली फ्री ट्रेड डील (FTA) को ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ घोषित कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि यह समझौता देश की बढ़ती ऊर्जा जरूतों के लिए जरूरी है। उन्होंने इस समझौते को व्यापार, उत्पादन और लंबे समय तक आर्थिक विकास के लिए बहुत बड़ा बदलाव लाने वाला बताया है।

दरअसल, गोवा में इंडिया एनर्जी वीक (IEW) 2026 के चौथे संस्करण का आयोजन हो रहा है, जिसमें दुनियाभर के 125 देशों के प्रतिनिधि जुटे हैं। इस सम्मेलन में एनर्जी सिक्योर और सस्टेनेबल फ्यूचर पर चर्चा हो रही है। इसी सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत और EU के बीच FTA डील पर भी बात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस समझौते को दुनिया भार के लोग पहले से ही ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ के रूप में सराह रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, “यह समझौता दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तालमेल का एक शानदार उदाहरण है। यह डील ग्लोबल GDP के करीब 25 प्रतिशत और ग्लोबल ट्रेड के लगभग एक-तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करती है। यह समझौता ट्रेड के साथ-साथ डेमोक्रेसी और रूल ऑफ लॉ के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को भी सशक्त करता है।”