प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। जहाँ सबसे पहले उत्तर प्रदेश के सहानरपुर में रोड शो किया। पीएम मोदी ने सहारनपुर में 12 किलोमीटर लंबे वन्यजीव गलियारे का दूरबीन से निरीक्षण भी किया।
इसके बाद पीएम मोदी देहरादून पहुँचे। जहाँ उन्होंने डाट काली मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने देशवासियों को बैसाखी की बधाई दी और भीमराव अंबेडर जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी के साथ देश के विकास और महिला आरक्षण अधिनियम पर बात की।
PM Shri @narendramodi inaugurates the Delhi-Dehradun Economic Corridor in Dehradun, Uttarakhand. https://t.co/oYBpUT3ZCW
— BJP (@BJP4India) April 14, 2026
हाईवे और एक्सप्रेसवे देश की भाग्य रेखाएँ
देश के विकास की बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाईवे, रेलवे, एक्सप्रेसवे हमारे देश की भाग्य रेखाएँ हैं। उन्होंने कहा, “भविष्य दिशा औऱ दशा क्या होगी, इसके लिए लोग हाथ की रेखाओं को दिखाते हैं। मैं इस विज्ञान को नहीं जानता हूँ। अब ये तो हो गई भाग्य की बात, लेकिन मैं इसी संदर्भ को राष्ट्र जीवन से जोड़कर देखूँ तो राष्ट्र की भाग्य रेखाएँ ये हमारी सड़कें होती हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारे हाईवे होते हैं, हमारे एक्सप्रेसवे, एयरवे और रेलवे हमारे भाग्य की रेखाएँ होती हैं। हमारा देशी इन्हीं रेखाओं के निर्माण में जुटा हुआ है। ये विकास आने वाली पीढ़ी की समृद्धियों की गारंटी है और ये मोदी की भी गारंटी है।”
भीमराव अंबेडर जयंती पर बोले पीएम मोदी
भीमराव अंबेडर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके जीवन का उल्लेख किया। पीएम ने कहा, “आज बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती भी है। मैं देशवासियों की ओर से बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बीते दशक में हमारी सरकार ने जो नीतियां बनाईं, जो निर्णय लिए, वे संविधान की गरिमा को पुनः स्थापित करने वाले रहे।”
पीएम मोदी ने कहा, “बाबा साहब का जीवन गरीबों को, वंचितों को, शोषितों को न्यायपूर्ण व्यवस्था देने के लिए समर्पित रहा।”
पीएम ने आगे कहा, “हमारी सरकार आज उसी भावना के साथ हर गरीब, हर वंचित को सच्चा सामाजिक न्याय देने में जुटी है, और सामाजिक न्याय का एक बहुत बड़ा माध्यम देश का संतुलित विकास है, सबको सुविधा और सबकी समृद्धि है। इसलिए बाबा साहब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिकरण की भरपूर वकालत करते थे।”
अनुच्छेद 370 हटने के बाद आज पूरे देश में संविधान लागू
पीएम मोदी ने यह भी कहा, “अनुच्छेद 370 हटने के बाद आज पूरे देश में भारत का संविधान लागू है। दर्जनों जिलों में माओवाद-नक्सलवाद खत्म हुआ है, वहाँ भी अब संविधान की भावना से काम हो रहा है। देश में समान नागरिक संहिता लागू हो, यह हमारे संविधान की अपेक्षा है। उत्तराखंड ने इस भावना को आगे बढ़ाकर इस देश को राह दिखाई है।”
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की खासियत
213 किलोमीटर लंबा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर में छह लेन होंगे। यह कॉरिडोर 12000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत में विकसित किया जा रहा है। यह कॉरिडोर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से होकर गुजरता है। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच का सफर 6 घंटे से घटकर सिर्फ 2.5 घंटे रह जाएगा।

