प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (10 मई 2026) को तेलंगाना के हैदराबाद पहुँचे। यहाँ पीएम मोदी ने करीब ₹9400 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी भी मौजूद रहे।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत सरकार की बड़ी प्राथमिकता आधुनिक कनेक्टविटी भी रही है, फिर चाहे रोड्स हों, रेलवे हो, एयरपोर्ट्स हो, कनेक्टिविटी के हर मोड पर अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे में ही लगभग 1.75 लाख करोड़ निवेश किए गए हैं और बीते 11 वर्षों में तेलंगाना में नेशनल हाइवे का नेटवर्क डबल हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि आंध प्रदेश से अलग होने से पहले इस क्षेत्र का रेलवे बजट ₹1000 करोड़ से भी कम था, लेकिन अब अकेले तेलंगाना का रेलवे बजट लगभग ₹5500 करोड़ है। उन्होंने बताया कि राज्य में ₹50000 करोड़ की रेलवे परियोजनाएँ चल रही हैं।
पीएम मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी के बीच संवाद
कार्यक्रम के बीच पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी के बीच संवाद भी देखने को मिला। दरअसल, सीएम रेवंत रेड्डी ने पहले किसी कार्यक्रम में गुजरात मॉडल का जिक्र करते हुए कहा था कि जैसे पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सरकार ने गुजरात में तत्कालीन सीएम नरेंद्र मोदी की मदद की थी, ठीक वैसे ही पीएम मोदी भी तेलंगाना के विकास में साथ दें।
रेवंत रेड्डी के इसी बयान पर पीएम मोदी ने कहा कि कॉन्ग्रेस सरकार के दौरान का वो गुजरात मॉडल लागू कर दिया जाए, तो तेलंगाना का जो आज मिल रहा है वह आधा रह जाएगा।
₹9500 करोड़ विकास परियोजनाओं की दी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद को ₹9400 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें ₹3175 करोड़ की लागत से बनने जा रहे हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक नेशनल हाईवे-167 के चार लेन की आधारशिला रखी।
संगारेड्डी जिले में ₹2,350 करोड़ में बनने जा रहे हैदराबाद-नागपुर औद्योगिक गलियारे (HNIC) के अंतर्गत विकसित किए जा रहे जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की नींव रखी। इसके अलावा वारंगल में पीएम मित्र पार्ट का उद्घाटन किया, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है और जिसे पीएम मित्र योजना के तहत विकसित किया गया है।

