LDF-UDF ने लूटा, NDA सरकार आने पर भ्रष्टाचारियों से वसूलेंगे पैसा: केरलम में कॉन्ग्रेस-कम्युनिस्टों पर बरसे PM मोदी, हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (29 मार्च 2026) को केरलम के पलक्कड़ से विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया। पीएम मोदी ने पलक्कड़ के फोर्ट मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए लेफ्ट और कॉन्ग्रेस पर जमकर निशाना साधा तो केरलम में NDA की सरकार बनने का दावा भी किया।

पीएम मोदी ने कहा, “इस बार केरलम में एक अलग ही माहौल है। केरलम बदलाव का संदेश दे रहा है। NDA की बढ़ती लोकप्रियता, BJP के बढ़ता लोगों का विश्वास और आज आप सबका उत्साह-समर्थन, इतनी बड़ी संख्या में आपकी उपस्थिति, पलक्कड़ बता रहा है कि केरलम में अब मूमेंटम बन चुका है।”

इस दौरान उन्होंने केरलम में राजनीतिक हिंसा में मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने यहाँ राजनीतिक हिंसा के कारण अपना जीवन खोया है। मैं केरलम की पहली चुनावी सभा में उन सभी कार्यकर्ताओं को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूँ।”

इस दौरान PM मोदी ने कहा, “दशकों से केरलम स्वार्थी राजनीति के दो मुखौटों के बीच फँसा हुआ है। एक ओर LDF तो दूसरी ओर UDF, एक ओर कम्युनिस्ट तो दूसरी ओर कॉन्ग्रेस, एक भ्रष्ट तो दूसरा महाभ्रष्ट, एक सांप्रदायिक तो दूसरा महासांप्रदायिक। LDF-UDF की सारी नीतियाँ वोट बैंक की राजनीति के लिए होती हैं, इन्हें केरलम के विकास की कोई परवाह नहीं है। मैं आपको भरोसा देता हूँ कि यहाँ बनने वाली BJP-NDA सरकार केरलम का तेज विकास करेगी, विकसित केरलम बनाएगी और ये मोदी की गारंटी है।”

लेफ्ट और कॉन्ग्रेस पर पीएम मोदी ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “LDF और UDF ने दशकों तक मिल-बाँटकर केरलम को लूटा, इनके बीच एक समझौता रहा है कि कुछ साल LDF वाले सरकार चलाएँगे, अपनी जेबें भरेंगे और उसके बाद UDF वाले लूटेंगे।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “इन दिनों कम्युनिस्ट और कॉन्ग्रेस ने मिलकर एक नया प्रोपेगेंडा शुरू किया है। कम्युनिस्ट कहते हैं कि कॉन्ग्रेस, BJP की B टीम है और कॉन्ग्रेस कहती है कि कम्युनिस्ट BJP की B टीम है। यानी LDF-UDF ने भी मान लिया है कि इस बार केरलम चुनाव में एक टीम कोई अगर है तो वो BJP ही है।”

उन्होंने केरलम में BJP की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि केरलम में टीम BJP और टीम NDA सरकार बनाने के लिए मैदान में है। उन्होंने कहा, “हम जनता के आशीर्वाद से यहाँ सरकार बनाएँगे और हम केरलम की सेवा में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगे। NDA का लक्ष्य है- केरलम के लोगों के सपने पूरे करना। जब कॉन्ग्रेस केंद्र सरकार में थी तब केरलम को केंद्र से 10 साल में जितना पैसा मिला, हमने उससे 5 गुना ज्यादा बजट केरलम को दिया है।”

पीएम मोदी ने कहा, “आज केरलम पर 5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज हो गया है। 10 साल में यह कर्ज 3 गुना से ज्यादा बढ़ा है। केरलम के लोग सवाल पूछ रहे हैं- केरलम के हिस्से का पैसा कहाँ जा रहा है? जवाब एक ही है- LDF वालों की जेबों में। जब NDA सरकार आएगी तो भ्रष्टाचारियों से यह पैसा वसूला जाएगा।”