ASEAN में नहीं होगी मोदी-ट्रंप की मुलाकात, समिट में वर्चुअली हिस्सा लेंगे PM: विदेश मंत्री जयशंकर जाएँगे मलेशिया

अब साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया में होने वाले आसियान समिट में हिस्सा नहीं लेंगे। बुधवार (22 अक्तूबर 2025) शाम पीएम मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से फोन पर बात की और इसी बातचीत में यह फैसला तय हुआ। मोदी के मलेशिया न जाने से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित मुलाकात की संभावना भी खत्म हो गई है।

आसियान समिट 26 से 28 अक्टूबर 2025 तक मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में होगी। आसियान के 10 सदस्य देश हैं– इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया। यह बैठक एशिया के राजनीतिक और आर्थिक सहयोग की दृष्टि से बेहद अहम मानी जाती है।

फोन कॉल से साफ हुई स्थिति

पीएम मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच बुधवार (22 अक्तूबर 2025) शाम फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने आसियान और द्विपक्षीय रिश्तों पर चर्चा की। इसी दौरान पीएम मोदी ने बताया कि वे मलेशिया नहीं जाएँगे। उन्होंने कहा कि पहले से तय कार्यक्रमों के चलते यह दौरा संभव नहीं है।

भारत ने मलेशिया को सूचित कर दिया है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर आसियान बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। पीएम मोदी संभवत डिजिटल माध्यम से शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं।