इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर भारत और इजरायल के मजबूत रिश्तों की खुलकर तारीफ की है। वेस्ट बैंक में गुरुवार (28 मई 2026) को एक सम्मेलन के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में इजरायल को विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत में हालात बिल्कुल अलग हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में इजरायल के लिए जबरदस्त समर्थन देखने को मिलता है। नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनके सबसे ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं। उनका यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फरवरी 2026 में इजरायल यात्रा के बाद सामने आया है, जिससे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत किया है।
भारत-इजरायल रिश्तों को बताया खास
नेतन्याहू ने अपने संबोधन में भारत को बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि इजरायल और भारत के बीच एक अनोखा रिश्ता है। उन्होंने कहा, “दुनिया में कई जगह हमारे खिलाफ माहौल है, लेकिन भारत में नहीं। भारत में इजरायल के लिए सच में पागलों जैसा प्यार है।”
Netanyahu:
— Clash Report (@clashreport) May 28, 2026
I’ll say this: we face delegitimization in much of the world — but not in India.
In India, there is an absolutely crazy love for Israel, truly crazy.
I think I have more followers from India than from anywhere else. pic.twitter.com/FRIo2cdVb3
फरवरी में पीएम नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रिश्तों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर पीस, इनोवेशन एंड प्रॉस्पेरिटी तक बढ़ाने का ऐलान किया था। दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, साइबर सिक्योरिटी, एग्रीकल्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई थी।
मोदी-नेतन्याहू की दोस्ती और बढ़ता सहयोग
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी साल 2017 में इजरायल जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। उस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में बड़ा टर्निंग पॉइंट माना गया था। इसके बाद रक्षा, तकनीक और व्यापार में भारत-इजरायल सहयोग तेजी से बढ़ा। आज इजरायल भारत के बड़े रक्षा साझेदारों में शामिल है।
नेतन्याहू इससे पहले भी भारत में अपनी लोकप्रियता की बात कर चुके हैं। उन्होंने 2018 की अपनी भारत यात्रा को ‘लव फेस्ट’ बताया था। वहीं हाल में अमेरिका में इजरायल की घटती लोकप्रियता पर उन्होंने पाकिस्तान पर सोशल मीडिया के जरिए एंटी-इजरायल माहौल बनाने का आरोप भी लगाया।

