ISI के लिए जासूसी कर रहा था वकील रिजवान, पाकिस्तान भेजी थी संवेदनशील जानकारी: नूंह पुलिस ने दबोचा, गुरुग्राम में कर रहा था वकालत की प्रैक्टिस

हरियाणा की नूंह पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में गुरुग्राम की कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील रिजवान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रिजवान को दो दिन पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जाँच में संदिग्ध गतिविधियों और कुछ डिजिटल सबूत सामने आने के बाद उसके खिलाफ देशविरोधी गतिविधियों के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

वकील के एक साथी को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आशंका है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है और इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

बुधवार (26 नवंबर 2025) की सुबह पुलिस और केंद्रीय जाँच एजेंसी की टीम नूंह के गाँव खरखड़ी पहुँची और मौके से रिजवान को पकड़ा। अधिकारियों का कहना है कि रिजवान पर संवेदनशील और गोपनीय सूचनाएँ ISI तक पहुँचाने का संदेह है।

बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र के राजाका गाँव के अरमान और कांगरका गाँव के तारीफ को मई महीने में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के दौरान पाकिस्तानी मुद्रा और कई संदिग्ध सामान बरामद हुए थे।