नाइजीरिया की मस्जिद में चल रही थी नमाज, अचानक बम फटा: कम से कम 7 नमाजियों की मौत, कई घायल

नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी शहर मैदुगुरी में बुधवार (24 दिसंबर 2025) की शाम नमाज के दौरान एक मस्जिद में हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह धमाका बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी के गाम्बोरू मार्केट इलाके में स्थित एक भीड़भाड़ वाली मस्जिद के अंदर हुआ, जब लोग नमाज अदा कर रहे थे।

नमाज के दौरान मस्जिद के अंदर धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, बुधवार (24 दिसंबर 2025) की शाम करीब 6 बजे मस्जिद में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे वहाँ अफरा-तफरी मच गई। एंटी-जिहादी मिलिशिया के एक नेता ने बताया कि विस्फोटक मस्जिद के अंदर रखा गया था और नमाज के बीच में ही फट गया। वहीं कुछ लोगों ने इसे संभावित आत्मघाती हमला भी बताया है। मस्जिद के एक व्यक्ति ने मरने वालों की संख्या 8 बताई है, हालाँकि अधिकारियों ने अब तक आधिकारिक आँकड़ा जारी नहीं किया है।

पुलिस ने शुरू की जाँच

इस हमले में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, लेकिन चश्मदीदों के अनुसार कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने विस्फोट की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम को तैनात किया गया है। हमले के बाद सामने आए वीडियो में खून से लथपथ लोग और चादरों से ढके शव देखे गए हैं।

किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी, सुरक्षा अलर्ट जारी

अब तक किसी भी सशस्त्र संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ ने अपने कर्मचारियों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए गाम्बोरू मार्केट इलाके से दूर रहने की सलाह दी है। गौरतलब है कि मैदुगुरी लंबे समय से बोको हराम और उसके सहयोगी संगठन इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस (ISWAP) के विद्रोह का केंद्र रहा है। करीब दो दशकों से जारी इस संघर्ष में हजारों लोग मारे जा चुके हैं और लाखों विस्थापित हुए हैं, हालाँकि हाल के वर्षों में शहर में बड़े हमले कम देखने को मिले थे।