मौलाना हिदायतुल्लाह ने हिंदू युवक का धर्मांतरण कर मुस्लिम युवती सलमा से कराया निकाह, 40 साल पहले खुद भी हुआ था धर्मांतरित: प्रयागराज पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रयागराज में झूंसी थाना क्षेत्र में एक धर्मांतरण का मामला सामने आया है। आरोपित मौलाना हिदायतुल्लाह ने हिंदू युवक राम बिहारी का धर्म परिवर्तन कराकर उसका नाम ताज मोहम्मद रखा और उसे मुस्लिम युवती सलमा से निकाह करा दिया।

जानकारी के मुताबिक, हिदायतुल्लाह मूल रूप से हिंदू था और करीब 40 साल पहले इसने इस्लाम अपना लिया और प्रयागराज आकर मौलाना बन गया। यहाँ वो मुस्लिम बच्चों को उर्दू पढ़ाने के साथ-साथ हिंदू युवकों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरित कर मुस्लिम लड़कियों के साथ उनका निकाह करवाता था।

मामला तब सामने आया जब झूंसी के एक अधिवक्ता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने राम बिहारी का नाम बदलकर निकाह कराने की बात कबूल की। तलाशी में उसके पास से फर्जी निकाह सर्टिफिकेट, मुहरें और दस्तावेज बरामद हुए।

पुलिस ने बताया कि मामले की जाँच चल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किसी बड़े धर्मांतरण रैकेट से जुड़ा है या नहीं। आरोप है कि साल 2022 में राम बिहारी का धर्म परिवर्तन कर उसे मुस्लिम महिला से निकाह कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को जेल भेज दिया गया है।