प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) को आंध्र प्रदेश का दौरा किया। कुरनूल में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने ‘सुपर जीएसटी- सुपर सेविंग्स’ पर बात की, जिसमें नई जीएसटी सुधारों से लोगों को कितना फायदा होगा, यह बताया। जनसभा में उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश गौरव, संस्कृति और विज्ञान का केंद्र है।
पीएम मोदी ने कहा कि यहाँ की युवा शक्ति हमेशा आगे रहती है। डबल इंजन सरकार के चलते अब यह क्षमता और मजबूत हो रही है। पूरी दुनिया भारत और आंध्र की गति देख रही है। उन्होंने गर्व से कहा कि गूगल भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब यहीं आंध्र में बना रहा है। यह ऐलान सुनकर लोग तालियाँ बजाते नजर आए।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में भावुक होकर कहा कि मेरा जन्म गुजरात के सोमनाथ की धरती पर हुआ, काशी में बाबा विश्वनाथ की सेवा का मौका मिला और आज श्रीशैलम का आशीर्वाद मिल रहा है। आंध्र प्रदेश में असीम संभावनाएँ हैं, बस सही दृष्टिकोण की जरूरत थी। अब चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के नेतृत्व में वह दृष्टिकोण है, साथ में केंद्र का पूरा समर्थन।
प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि 2047 में स्वतंत्रता के 100 साल पूरे होने पर भारत विकसित देश बनेगा। 21वीं सदी भारत की होगी, 140 करोड़ हिंदुस्तानियों की सदी होगी। आंध्र विकास के रास्ते पर तेजी से दौड़ रहा है। डबल इंजन की ताकत से राज्य अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। जैसा चंद्रबाबू ने कहा, इस गति से 2047 तक विकसित भारत का सपना सच हो जाएगा।
इस दौरान पीएम ने कई सेक्टर्स में प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए। सबसे पहले कुरनूल-3 पूलिंग स्टेशन पर ट्रांसमिशन सिस्टम स्ट्रेंथनिंग का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 2,880 करोड़ है। इसमें 765 केवी की डबल सर्किट लाइन बनेगी, जो रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देगी और 6,000 एमवीए क्षमता जोड़ेगी। फिर ओरवकल औद्योगिक क्षेत्र और कडप्पा के कोप्परथी इंडस्ट्रियल एरिया का फाउंडेशन स्टोन रखा। इनकी कुल लागत 4,920 करोड़ से ज्यादा, जो 21,000 करोड़ निवेश और एक लाख नौकरियाँ लाएँगे। ये मॉडर्न हब प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ हैं, जहाँ वॉक टू वर्क कॉन्सेप्ट है। रायलसीमा क्षेत्र में इससे इंडस्ट्री और ग्लोबल कॉम्पिटिशन बढ़ेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से इंडस्ट्री को बल मिलेगा, लोगों का जीवन आसान होगा। कुरनूल और आसपास के इलाकों को बड़ा फायदा। उन्होंने राज्य के लोगों को बधाई दी। यह दौरा केंद्र की प्रतिबद्धता दिखाता है- इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करना, इंडस्ट्रीलाइजेशन तेज करना और सबका विकास। पिछले 16 महीनों में प्रगति की गाड़ी तेज दौड़ी है। दिल्ली और अमरावती मिलकर आगे बढ़ रही हैं। चंद्रबाबू और पवन की जोड़ी ने सही विजन दिया। अगर आंध्र को कुछ चाहिए था तो सही लीडरशिप, जो अब है।
यह दौरा न सिर्फ विकास का प्रतीक है बल्कि आंध्र की सांस्कृतिक विरासत को भी जोड़ता है। श्रीशैलम की पवित्रता से लेकर कुरनूल की रैली तक, सब कुछ ऊर्जा से भरा। युवाओं के लिए एआई हब जैसे ऐलान से राज्य टेक हब बनेगा। कुल मिलाकर, यह 13,430 करोड़ की सौगात आंध्र को नई उड़ान देगी।
Delighted to be in Andhra Pradesh today. Speaking at the launch of several projects that will boost connectivity, strengthen industry and empower citizens across the state.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 16, 2025
https://t.co/fVU5dmot3R
इससे पहले, कुरनूल एयरपोर्ट पर पहुँचने पर राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, सीएम नायडू और अन्य नेताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी ने नांदयाल जिले के श्रीशैलम में स्थित श्री भ्रामरंबा मल्लिकार्जुन स्वामी वरला देवस्थानम मंदिर पहुँचकर पूजा-अर्चना की। यह मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक और 52 शक्तिपीठों में से एक है, जहाँ एक ही परिसर में शिवलिंग और शक्तिपीठ है। पीएम ने पंचामृत से रुद्राभिषेक किया, जिसमें गाय का दूध, दही, घी, शहद और चीनी मिलाई जाती है।
उनके साथ सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण भी थे। मंदिर दर्शन के बाद वे श्री शिवाजी स्फूर्ति केंद्र गए, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की याद में बना है। वहाँ ध्यान कक्ष में चार किलों के मॉडल हैं और बीच में शिवाजी की ध्यान मुद्रा वाली प्रतिमा। यह जगह 1677 की उनकी तीर्थयात्रा की स्मृति में बनी है।

