अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, PM मोदी को फोन कर दी बधाई: प्रधानमंत्री ने ट्रंप को दिया धन्यवाद, कहा- हमारे 2 महान लोकतंत्र दुनिया को रोशनी की उम्मीद देते रहें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिवाली के मौके पर एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं। व्हाइट हाउस में दिवाली मनाते हुए ट्रंप ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया और पीएम मोदी से फोन पर हुई ‘शानदार बातचीत’ का जिक्र किया। ट्रंप ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार और क्षेत्रीय शांति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

दिवाली के मौके पर ट्रंप ने इसे अंधकार पर रोशनी की जीत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय पाती है। ट्रंप ने सभी अमेरिकियों को दिवाली की शुभकामनाएँ दीं। ट्रंप ने चीन के साथ व्यापार पर भी बात की और कहा कि 1 नवंबर से चीन पर लगभग 155 फीसदी तक टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने अपनी शुल्क नीति का बचाव किया और कहा कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और युद्धों को भी रोका गया है।

इसके जवाब में पीएम मोदी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को उनके फोन कॉल और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा, “रोशनी के इस त्योहार पर, हमारी दो महान डेमोक्रेसी (लोकतंत्र) दुनिया को उम्मीद की रोशनी देते रहें और हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहें।”

पीएम मोदी ने भी ट्रंप को दी दिवाली की शुभकामनाएँ

दिवाली के मौके पर राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि उनकी कूटनीति की वजह से ही भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा युद्ध होने से रुका है। हालाँकि, भारत सरकार ने उनके इस दावे को हमेशा गलत बताया है। ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि भारत अब रूस से तेल खरीदना कम कर देगा, जिसे भारत पहले भी नकार चुका है। ट्रंप ने चीन के साथ व्यापार और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर भी बात की।