‘प्रदर्शन में शामिल होना मेरी नौकरी है क्या?’: संसद मार्च में ‘कॉकरोचों’ को अकेला छोड़ बर्गर खाने गए CJP के विजेता दहिया, सवाल उठे तो भड़ककर दिया जवाब

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर से संसद तक 20 जुलाई 2026 को जब मार्च निकाला, तब प्रदर्शनकारियों की सुरक्षाकर्मियों से झड़प हुई। इस झड़प में पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी दोनों ही घायल हुए। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान CJP का नेतृत्व गायब रहा, खासकर प्रवक्ता विजेता दहिया पर सवाल उठे, जो प्रदर्शन छोड़कर मेट्रो स्टेशन पर बर्गर खाते दिखे।

CJP का समर्थन करने वाले एक युवा ने ही विजेता दहिया को मेट्रो स्टेशन पर पकड़ा और वीडियो में एक्सपोज किया। वीडियो में युवा विजेता दहिया से पूछता है कि छात्रों को जंतर-मंतर बुलाकर आप खुद यहाँ बर्गर क्यों खा रहे हो? लेकिन विजेता दहिया उस समय कोई जवाब नहीं देते। वीडियो में ही एक और युवा विजेता से पूछता है कि उन्होंने प्रेमानंद महाराज के बारे में अपशब्द क्यों कहे थे, लेकिन विजेता के पास इसका भी कोई जवाब नहीं था।

चाहे विजेता दहिया ने उस युवा को जवाब न दिया हो, लेकिन जब वह पूरी दुनिया के सामने एक्सपोज हुए तो खुद के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए बर्गर खाने वाली खबरों का जवाब दिया। वीडियो ने लोगों का ध्यान भटकाते हुए उल्टा सवाल किया कि समाज के मुद्दों पर बात न करने वाले लोगों के बर्गर खाने से दिक्कत नहीं है, लेकिन इन मुद्दों पर बात करने के लिए प्रदर्शन में जाने वालों से दिक्कत हो जाती है।

विजेता ने कहा, “कोई प्रदर्शनकारी अगर बर्गर खा ले, या कोई किसान अगर बर्गर खा ले तो दिक्कत होती है। कहा जाता है कि यहाँ पिकनिक चल रही है क्या।” संसद मार्च से अचानक गायब होने वाले दावे को विजेता दहिया ने खारिज नहीं किया और उन्होंने कहा, “विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना मेरी नौकरी है क्या? आप लोगों ने मुझे नहीं चुना है।”

इस वीडियो में भी विजेता दहिया बर्गर खा रहे थे और आखिर में उन्होंने यह भी कहा, “हाँ, खाऊँगा मैं बर्गर।”

बात यह है कि विजेता दहिया से खुद उनके समर्थकों ने एक सवाल पूछा था कि संसद मार्च के समय विजेता कहाँ चले गए थे? इसका जवाब विजेता दहिया ने नहीं दिया। और बर्गर खाकर, लोगों पर गुस्सा दिखाकर और इधर-उधर की बातें कर पूरे मुद्दे को खत्म करने की कोशिश की।