पंजाब की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर जारी उथल-पुथल के बीच हरियाणा में AAP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि आने वाले समय में पंजाब में और भी बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।
उनका कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत हैं और आगे करीब 28 विधायक भी पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा, “जल्द ही बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल सकता है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के कई बड़े चेहरे और विधायक लगातार मेरे संपर्क में हैं। जल्द ही इस राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े नामों का खुलासा करूँगा।”
जयहिंद ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जिन सात सांसदों ने पार्टी छोड़ी है, उनमें से कई के साथ पहले दुर्व्यवहार हुआ। कई के साथ मारपीट भी हुई और दबाव बनाया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पार्टी के अंदर गंभीर खींचतान चल रही है।”
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे मामले से जुड़े नामों का खुलासा करेंगे। इधर AAP नेतृत्व इन आरोपों को सिरे से खारिज करता नजर आ रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया हाल ही में गुजरात से लौटकर दिल्ली पहुँचे और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।
इसके अलावा पंजाब सरकार के मंत्री डॉ बलवीर सिंह ने भी सिसोदिया से मुलाकात कर मौजूदा हालात पर चर्चा की।

