हरियाणा के अंबाला स्थित धन्यौड़ा गाँव में मंगलवार (30 जून 2026) को खेलते-खेलते चार साल का मासूम अचानक एक 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर SDRF और भारतीय सेना ने मोर्चा संभाला। मासूम को बोरवेल से निकालने के लिए ऑपरेशन जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब 4 साल का मासूम निर्भय सुबह करीब 6.30 बजे अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत पर टहलने गया था। वह अपने चाचा हरनेक सिंह के साथ खेल रहा था कि अचानक उसका पैर फिसला और वह खेत में ही खुले पड़े ट्यूबवेल के गहरे बोरवेल में जा गिरा।
परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत गाँव के सरपंच को दी, जिसके बाद जिला प्रशासन को सूचित किया गया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुँचे। बोरवेल की गहराई को देखते हुए उपायुक्त ने खुद मोर्चा संभाला और तुरंत भारतीय सेना को खबर दी। अब भारतीय सेना बच्चे को बाहर निकालने में जुटी है।
हालाँकि बोरवेल के भीतर बच्चे तक ऑक्सीजन भी पहुँचाई जा चुकी है। इसके लिए डॉक्टरों की एक विशेष टीम भी मौके पर मौजूद है। बोरवेल के भीतर कैमरा डालकर भी बच्चे की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

