पंजाब में AAP की ‘गुंडागर्दी’, BJP दफ्तर में घुस कर तोड़फोड़: नेताओं के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन, संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद सामने आई बौखलाहट

पंजाब में बीजेपी ऑफिस और नेताओं पर हमले को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस बीच उनके घर के बाहर भी आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। ये लोग आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे।

इस बीच बीजेपी के दफ्तर का एक वीडियो सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने दफ्तर में घुस कर तोड़फोड़ की और नेताओं को धमकाया। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अरविंद केजरीवाल जी! ध्यान से सुन लीजिए, ‘पंजाब को ममता का बंगाल नहीं बनने दिया जाएगा।’

पंजाब में बीजेपी नेता अश्वनी शर्मा ने खास तौर पर बलाचौर के MLA सुखविंदर सुखी पर आरोप लगाया। सुखी हाल ही में शिरोमणि अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। शर्मा के मुताबिक, सुखी अपने समर्थकों के साथ बलाचौर (नवांशहर) में बीजेपी के जिला दफ्तर में घुस गए और पुलिस की मौजूदगी में BJP नेताओं के साथ मारपीट की और तोड़फोड़ किया।

उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए पूछा कि अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्ट नेताओं को AAP में शामिल करके उन्हें पंजाब को लूटने का लाइसेंस तो पहले ही दे दिया है। क्या अब उन्होंने उन्हें लोगों के साथ मारपीट करने का लाइसेंस भी दे दिया है?

उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई है। इसके विरोध में आम आदमी पार्टी ने राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। इस दौरान लुधियाना और दूसरी जगहों पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बदसलूकी करने और उन्हें धमकाने की जानकारी भी सामने आई है। दरअसल आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई कार्रवाई को लोकतंत्र और पंजाबियत पर हमला बताने की कोशिश कर रही है।

इस पर सुनील जाखड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जी, पंजाबी सब देख रहे हैं। आप चाहे जितने मर्जी ड्रामे कर लें, पंजाब को लूटने वाले भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और उन लोगों तक भी इसकी आँच पहुँचेगी, जो अभी पर्दे के पीछे छिपे हुए हैं।