पंजाब के पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा और उनकी बीवी रजिया सुल्ताना पर अपने बेटे की हत्या के आरोप लगे हैं। रजिया सुल्ताना पंजाब की कॉन्ग्रेस सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। हरियाणा के पंचकूला में रजिया सुल्ताना, मोहम्मद मुस्तफा और उनकी बहू के खिलाफ बेटे की हत्या की FIR दर्ज हुई है।
दरअसल, 16 अक्टूबर 2025 को पूर्व DGP मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की पंचकूला में मौत हो गई थी। तब परिवार ने मौत का कारण दवाओं का ओवरडोज बताया था। लेकिन अब अकील का 27 अगस्त 2025 का एक पुराना वीडियो सामने आया है।
इस वीडियो में अकील कह रहा है कि उसे पता चल गया था कि मुस्तफा का उसकी बीवी के साथ अवैध-संबंध थे। तभी से परिवार के लोग अकील की हत्या की साजिश रच रहे थे। इसमें उसकी अम्मी रजिया सुल्तान और बहन निशात अख्तर भी शामिल थी। इसके अलावा अकील ने मानसिक उत्पीड़न, जबरन रिहैब सेंटर भेजने, बिजनेस से हटाने और शारीरिक प्रताड़ना के भी आरोप लगाए थे। उसने यह भी कहा कि उसकी डायरी में एक सुसाइड नोट है।
इस वीडियो के आधार पर अकील के पहचान वाले शमशुद्दीन ने पंचकूला पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपितों पर BNS की धारा 103(1) और 61 के तहत FIR दर्ज की है। पंचकूला की DCP ने बताया कि ACP रैंक के अधिकारी की अगुआई वाली SIT गठित कर जाँच शुरू कर दी है।

