पंजाब के लुधियाना जिले के जगराँव में शुक्रवार (31 अक्टूबर 2025) दोपहर करीब 3 बजे दिनदहाड़े एक कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25-26 साल के तेजपाल सिंह के रूप में हुई, जो बेट क्षेत्र के गाँव गिद्दड़विंडी का रहने वाला था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेजपाल अपने दो दोस्तों के साथ हरि सिंह अस्पताल रोड पर एक फैक्ट्री के पास जा रहा था। तभी पुरानी रंजिश के चलते दूसरे गुट के लोगों से झगड़ा हो गया। बहस बढ़ते ही हरप्रीत सिंह उर्फ हनी और जोबनप्रीत सिंह उर्फ काला ने रिवॉल्वर से तेजपाल के सीने पर गोली मार दी। खून से लथपथ तेजपाल को उसके साथी सिविल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना SSP कार्यालय के करीब हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने FIR दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।
SSP अंकुर गुप्ता ने कहा कि ये पुरानी दुश्मनी का मामला लगता है, आरोपित रूमी गाँव के हैं और जल्द गिरफ्तार होंगे। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस हत्या से AAP सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, लोग हैरान हैं कि ऐसी वारदात खुली सड़क पर कैसे हो गई।

