हाईवे पर लगा दिए CCTV कैमरे, पाकिस्तान भेज रहा था सेना के काफिले की फीड: पंजाब में गिरफ्तार हुआ ISI का जासूस

पाकिस्तान की एक और नापाक साजिश का खुलासा पंजाब के पठानकोट में हुआ है। जहाँ कैमरों के जरिए ISI के लिए भारतीय सेना की जासूसी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित बलजीत सिंह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है, जो भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान तक पहुँचा रहा था।

पठानकोट पुलिस के मुताबिक, जाँच में पता चला कि उसने सुजानपुर के पास नेशनल हाईवे-44 पर कई CCTV कैमरे लगवाए थे। इन कैमरों का इस्तेमाल सेना के काफिलों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए किया जा रहा था। आरोपित दुबई में बैठे एक शख्स से ऑर्डर लेता था और उसे 40000 रुपए मिले थे।

पुलिस के अनुसार, कैमरों से मिलने वाली लाइव फुटेज और दूसरी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान और विदेश में बैठे हैंडलर्स तक भेजी जाती थी। क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीम ने जाँच के दौरान इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

जाँच में यह भी सामने आया कि पुल नंबर 4 और 5 के बीच दुकानों पर कैमरे लगाए गए थे। इस मामले में तीन अन्य आरोपितों विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्का, बलविंदर सिंह उर्फ विक्की और तरणप्रीत सिंह उर्फ टन्नू को भी नामजद किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और पाकिस्तान के कनेक्शन की गहराई से जाँच कर रही है।