रायबरेली मॉब लिंचिंग मामले में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिले मंत्री राकेश सचान और असीम अरुण, परिजन बोले- योगी सरकार कर रही मदद

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की मॉब लिंचिंग के बाद राजनीतिक सरगर्मी जारी है। शनिवार (11 अक्तूबर 2025) को योगी सरकार में मंत्री राकेश सचान और असीम अरुण ऊंचाहार के नई बस्ती पहुँचे, जहाँ उन्होंने हरिओम के परिवार से मुलाकात की।

मंत्रियों ने हरिओम की पत्नी पिंकी और पिता गंगादीन को 6.92-6.92 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की और आगे भी हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इसके अलावा बेटी अनन्या को 2,500 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड देने की घोषणा की।

इस मौके पर ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय भी मौजूद रहे। मंत्रियों ने परिवार से बात कर उनका हाल जाना। पिंकी ने कहा कि उन्हें सरकार और पुलिस से पूरी सहायता मिल रही है और कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं।

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सरकार घटना को लेकर बेहद सख्त है और दोषियों पर कार्रवाई जारी है। अब तक 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरकार का उद्देश्य न्याय सुनिश्चित करना है, न कि राजनीतिक लाभ लेना।