जिस मोहम्मद दीपक ने उड़ाया था पहलगाम पीड़ितों का मजाक, उसे ‘मोहब्बत की दुकान’ बताकर राहुल गाँधी ने की मुलाकात: कहा- ‘तुम्हारा जिम भी ज्वाइन करूँगा’

कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी ने 23 फरवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार से विवादों में आए जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक से मुलाकात की। मुलाकात के बाद दीपक ने कहा कि राहुल गाँधी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था और उनके परिवार से बातचीत भी की।

मोहम्मद दीपक ने बताया कि राहुल गाँधी ने उनसे कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया, इसलिए उन्हें किसी से न डरने की जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं राहुल गाँधी ने कोटद्वार आकर मोहम्मद दीपक के जिम की सदस्यता लेने की भी बात कही है, जिसे मोहम्मद दीपक अपने लिए गर्व का विषय मान रहे हैं।

कॉन्ग्रेस के अकॉउंट से इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की गई हैं। ट्वीट में लिखा है- “मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और हिम्मत की वो मिसाल पेश की है- जो देश के हर युवा को अन्याय और नफरत के खिलाफ लड़ने का हौसला देगा। दीपक ‘मोहब्बत की दुकान’ के योद्धा हैं- पूरे देश को इन पर गर्व है।”

कैसे चर्चा में आया मोहब्बत दीपक का नाम

मोहम्मद दीपक से जुड़ा पूरा विवाद 26 जनवरी को शुरू हुआ था, जब कोटद्वार में ‘Ahmed’s बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ नामक दुकान का नाम बदलने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और दुकान संचालक के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान मोहम्मद दीपक ने आकर दुकान मालिक का समर्थन किया।

बाद में ये विवाद और बढ़ा। इस प्रकरण में दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दीपक ने मीडिया में ये कहकर सहानुभूति बटोरी कि विवाद से पहले उनके जिम में प्रतिदिन लगभग 150 सदस्य आते थे, जो अब घटकर 12 से 15 रह गए हैं।

मोहम्मद दीपक का नाम चर्चा आने के बाद उनके सोशल मीडिया कमेंट्स पर काफी सवाल खड़े हुए थे। सबसे ज्यादा उन्होंने पहलगाम के समय जो टिप्पणी की थी उसपर लोग भड़के थे। उस समय दीपक ने पीड़ितों का ही मजाक बनाया था। बाद में ऑपइंडिया की पड़ताल में मोहम्मद दीपक का कनेक्शन दुबई के कारोबारी चांद मौला बख्श से निकला था।